पावर लिफ्टर कोमल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखायेगी जौहर

सोनीपत, (वार्ता) हरियाणा के साेनीपत के जीवीएम गर्ल्ज कालेज की पावर लिफ्टर कोमल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना जौहर दिखायेगी। कोमल का चयन भूटान में दिसंबर माह में होने वाली वर्ल्ड पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। बीए अंतिम वर्ष की छात्रा कोमल ने अपना वजन कम करने के लिए करीब एक वर्ष पूर्व जिम जाना शुरू किया तब उनका वजन 85 किलोग्राम था। जिम में कोमल की लगन व मेहनत को देखते हुए उनमें विद्यमान काबिलियत को कोच जयप्रकाश ने पहचाना। कोच के प्रोत्साहन करने पर कोमल ने मार्च-2025 में पावर लिफ्टिंग की शुरुआत की। फ्रैक्चर होने के कारण बढ़े वजन को कम करने के लिए वह जिम में उतरी तो पावर लिफ्टिंग गेम की तरफ कदम बढ़ते चले गये। कोमल को हालांकि आगे बढऩे में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा लेकिन पिता सुनील कुमार (हरियाणा पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत) व माता नीतू (गृहिणी) से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। महज सात माह की कड़ी मेहनत के बल पर कोमल ने जिला स्तर से अंतरराष्ट्रीय स्तर का सफर तय किया है। उन्होंने जिला व राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम पताका फहराई है। इंडियन पावर लिफ्टिंग फैडरेशन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो बार स्वर्ण पदक व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक जीता। निजी फैडरेशन्स की प्रतियोगिताओं में भी वे सफल प्रदर्शन कर चुकी है। एशियन फैडरेशन गेम्स की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। अब हाल ही में 12 अक्टूबर को गुरूग्राम में हुए वल्र्ड ट्रायल फोर भूटान में उन्होंने सफलता हासिल करते हुए अपना चयन करवाया। उनका कहना है कि वे डेडलिफ्ट में फिलहाल 130 किलोग्राम भार उठा लेती हैं। पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए उन्हें और अधिक भार उठाना होगा। इसके लिए वे अभी से कठोर परिश्रम में जुट गई हैं। बैंयापुर खुर्द की रहने वाली कोमल के अनुसार ईमानदारी से नियमित रूप से की गई कड़ी मेहनत के बल पर जीवन में हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करना चाहती हैं। इसके लिए उन्हें अवसर मिला है, जिसे वे चूकना नहीं चाहती। इसलिए वे अभ्यास में जुट गई हैं। वर्ल्ड पावर स्पोर्ट्स फैडरेशन के तहत होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सफलता के लिए वह दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहीं हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवश्य सफलता अर्जित करेंगी। जीवीएम की खेल प्रभारी अनु ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें कोमल से उम्मीदें हैं, जिन पर वह अवश्य खरा उतरेगी।

 

Next Post

21.61 ग्राम ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार

Sun Oct 26 , 2025
इंदौर: क्राईम ब्रांच की टीम ने संजय सेतु पार्किंग मेन रोड से 21.61 ग्राम अवैध ड्रग्स के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पूछताछ में मादक पदार्थ सस्ते दामों पर खरीदकर शहर में ऊंचे दामों पर बेचने की बात स्वीकार की.पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार क्राइम ब्रांच टीम […]

You May Like