ट्रक में पीछे से घुसी कार, किराना व्यापारी सहित तीन की मौत, एक गंभीर घायल

पिपलियामण्डी। नीमच जिले के नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत महू–नसीराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में मल्हारगढ़ के किराना व्यापारी सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टोल बैरियर और रेलवे क्रॉसिंग के बीच स्पीड ब्रेकर पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे हुई। स्पीड ब्रेकर पर ट्रक की गति धीमी होते ही पीछे से आ रही कार चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में पिंकेश (40) पिता राधेश्याम मांदलिया निवासी मल्हारगढ़, भारत (43) पिता रामलाल डांगी निवासी लसूड़िया कदमाला तथा रामलाल (58) बामनिया निवासी लसूड़िया कदमाला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायसिंह (42) पिता गोरा बंजारा निवासी भैंसाखेड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही नयागांव पुलिस, टोल स्टाफ व एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कार में फंसे शवों व घायल को बाहर निकालकर जिला अस्पताल नीमच भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित किया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

बताया गया कि सभी युवक राजस्थान के मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे से मल्हारगढ़ व लसूड़िया कदमाला क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

जेन-जेड प्रदर्शन के दौरान नेपाली जेल से भागे 80 कैदी नेपाल को सौंपे गये

Fri Dec 26 , 2025
नयी दिल्ली, 26 दिसंबर (वार्ता) जेन-जेड हिंसक विरोध प्रदर्शनों के दौरान नेपाल की जेलों से भागे लगभग 80 कैदियों को पकड़ लिया गया है और पड़ोसी मुल्क के संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इस साल सितंबर में जेन-जेड प्रदर्शनकारियों द्वारा विभिन्न […]

You May Like