मुंबई, 10 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में जारी तेजी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को 44 पैसे लुढ़क गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.52 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा में यह लगातार चौथी गिरावट है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 34 पैसे टूटकर 95.08 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
रुपये पर आज शुरू से ही दबाव रहा। यह सात पैसे टूटकर 95.15 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और इसके बाद इसका ग्राफ लगातार नीचे की ओर फिसलता गया। कारोबार की समाप्ति तक यह 95.52 रुपये प्रति डॉलर तक टूट कर उसी स्तर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में करीब साढ़े तीन प्रतिशत की तेजी से रुपये पर दबाव रहा। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 3.5 प्रतिशत चढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर आज 0.15 प्रतिशत मजबूत हुआ और रुपये की गिरावट में इसका भी योगदान रहा।
