
सिंगोली। जावद-सिंगोली क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों को बेहतर सडक़ नेटवर्क से जोडऩे की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। काटुंदा मोड़ से धारडी-टाकरदा तक 21.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के उन्नयन एवं निर्माण के लिए शासन ने 90 करोड़ 31 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस मार्ग के निर्माण से मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आवागमन और संपर्क व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा को प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने फोन पर इस स्वीकृति की जानकारी दी और उन्हें बधाई दी। मार्ग की स्वीकृति को लेकर सिंगोली भाजपा मंडल अध्यक्ष राधेश्याम मेघवंशी ने विधायक सकलेचा के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
एक सप्ताह में टेंडर जारी होने का दावा
भाजपा मंडल अध्यक्ष मेघवंशी ने बताया कि सडक़ से संबंधित तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। उनके अनुसार एक सप्ताह के भीतर टेंडर जारी किए जाएंगे और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्ग के निर्माण से लंबे समय से खराब सडक़ से परेशान क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
सीमावर्ती गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
21.5 किलोमीटर लंबा यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सडक़ के बेहतर होने से मध्यप्रदेश और राजस्थान के सीमावर्ती गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा। किसानों को कृषि उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार को भी गति मिलने की उम्मीद है। वहीं सडक़ दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में भी समय की बचत होगी।
‘विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे’
मेघवंशी ने कहा कि जावद-सिंगोली क्षेत्र में लगातार बड़े विकास कार्यों को मंजूरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि सडक़ सहित अन्य परियोजनाओं की स्वीकृतियां क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए विधायक ओमप्रकाश सकलेचा का आभार जताते हुए इसे क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
