
श्यामपुर। बीती देर रात थाना क्षेत्र के ग्राम बमुलियापुरा निवासी 25 वर्षीय युवक घर से बाइक सहित लापता हो गया. सुबह उसकी बाइक और मोबाइल पार्वती नदी के किनारे मिलने से सनसनी का माहौल निर्मित हो गया. नदी में युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ ने सर्चिंग ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन शाम तक उसका सुराग नहीं मिल सका.
बताया जाता है कि ग्राम बमुलिया पुरा निवासी 25 वर्षीय युवक अर्जुन मीणा आ. शिवचरण मीणा बीती रात अपने घर से लापता हो गया था. सुबह उसकी बाइक व मोबाइल नदी के किनारे मिलने पर परिजनों को आशंका है कि युवक ने पार्वती नदी में छलांग लगा दी है. सूचना मिलते ही पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया.
जानकारी के अनुसार अर्जुन मीणा घर से निकलकर पार्वती नदी पुल के पास पहुंचा था. पुल पर उसकी बाइक और मोबाइल फोन मिले. इसके अलावा उसके द्वारा छोड़ा गया एक लिखित संदेश भी सामने आया है, जिसमें पुल पर बाइक और मोबाइल मिलने का जिक्र है. यही संदेश उसने अपने बहनोई के मोबाइल पर भी भेजा था. इन तथ्यों के आधार पर परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस पहुंची और मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई. जिला मुख्यालय से पहुंचे एसडीआरएफ के विशेष दल ने नदी में सर्च आपरेशन शुरू किया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. गुरुवार की सुबह से एक बार फिर सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जाएगा.
