
विदिशा। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल पाठ्यक्रम में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के सामने प्रशासनिक उलझन एक नई चुनौती बनकर खड़ी हो गई है. प्रवेश सत्र और दस्तावेजों में दर्ज वर्ष के अंतर ने उनकी छात्रवृत्ति की प्रक्रिया रोक दी है, जिससे फीस जमा करना मुश्किल हो गया है.
दोपहर बड़ी संख्या में छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर छात्रवृत्ति शीघ्र जारी कराने की मांग की। छात्रों का कहना है कि उन्होंने सत्र 2025 के अनुसार प्रवेश लिया, लेकिन रिकॉर्ड में उनका प्रवेश वर्ष 2023-24 दर्शाया गया है। इसी विसंगति के कारण छात्रवृत्ति स्वीकृत नहीं हो पा रही है।
छात्रों ने बताया कि प्रवेश छात्रवृत्ति के भरोसे लिया गया था ताकि उसी राशि से फीस जमा की जा सके। अब फीस न भर पाने से परीक्षा में शामिल न हो पाने और पूरा शैक्षणिक वर्ष खराब होने की आशंका बनी हुई है। विद्यार्थियों ने प्रशासन से इस तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान निकालने की अपेक्षा जताई है।
