
ब्यावरा। विगत दिवस बंगलादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अमानवीय अत्याचार एवं एक हिन्दू युवक की निर्मम हत्या के विरोध में नगर सहित जिले भर में आक्रोश व्याप्त है. घटना के विरोध में मंगलवार को हिन्दू संगठनों द्वारा नगर में रैली निकालकर बंगलादेश सरकार का पुतला फूंका.
माँ वैष्णोदेवी मंदिर परिसर से रैली प्रारंभ हुई, ध्वज पताकाएं लिए कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चल रहे थे. मैन मार्केट, सुभाष चौक, पुराना ए.बी. रोड सहित प्रमुख मार्गो से होते हुए रैली पीपल चौराहा पहुंची. जहां वक्ताओं ने बंगलादेश में हिन्दू युवक की निर्मम हत्या एवं हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचार की घटना की कड़ी निंदा करते हुए केन्द्र सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने तथा भारत में रह रहे बंगलादेशी रोहिंग्याओं को देश से बाहर निकाले जाने की पुरजोर मांग की. तत्पश्चात आतंकवाद का पुतला दहन किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में बजरंग दल सहित हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे.
