
नीरज मिश्रा। भोपाल। एमपीनगर में ट्रैफिक जाम की समस्या न हो इसके लिए देर शाम को यातायात पुलिस अधिकारी खुद भी सड़कों पर उतरे और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी. ट्रैफिक एसीपी जोन-2 मिलन जैन, इंस्फेक्टर इरशाद वली सहित अधिकारियों की अगुवाई में पुलिसकर्मी बोर्ड आफिस, डीबी माल सहित चौराहों पर अलर्ट दिखे. इस दौरान वाहन चालक भी ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए नजर आए और कहीं भी जाम की स्थिति नजर नहीं आई.
ज्योति टॉकीज चौराहे पर पीडब्लूडी का निर्माण कार्य जारी है. यातायात पुलिस विभाग ने इस मार्ग पर अस्थाई तौर पर आवागमन प्रतिबंध की सूचना जारी पूर्व में ही की है. चौराहों पर ट्रैफिक संबंधित समस्या न हो इसको ध्यान में रखते हुए अधिकारी खुद भी जिम्मेदारी संभालते नजर आए. वहीं एमपीनगर थाने के सामने ग्रीन सिग्नल चौराहे पर बीते कई दिनों से पुलिस ने सांकेतक रखे हैं, जिससे वाहन चालकों को एक तरफ से दूसरे तरफ जाने में किसी तरह की समस्या न हो. एमपी नगर थाने से डीबी माल और बोर्ड आफिस चौराहे की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को भी ट्रैफिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ा.
ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता से बोर्ड आफिस चौराहे से प्रगति चौराहे की तरफ जाने वाले मार्ग पर सवारी आटो और ई-रिक्शा चालक भी यातायात नियमों का पालन करते नजर आए. इसके साथ ही डीबी माल चौराहे की तरफ सड़क के किनारे अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालक नजर नहीं आए. दुरूस्त यातायात व्यवस्था से आम लोगों में प्रसन्नता साफ नजर आई.
अधिकारियों के सड़क पर आने से सड़कों और चौराहों पर जाम की समस्या नजर नहीं आई. वाहन चालक नियमों का पालन करते दिख रहे हैं.
सुरेश, राहगीर
ज्योति टाकीज से बोर्ड की तरफ जाने में कहीं भी जाम नजर नहीं आया. सभी चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती से असर दिखा.
जगदीश, राहगीर
बोर्ड आफिस से डीबी माल चौराहे की तरफ जाने वाले मार्ग पर कई बार चार पहिया वाहन चालक वाहनों को खड़ा करते हैं, जिससे कि सड़क पर ट्रैफिक दबाव दिखता है. अधिकारियों की कार्रवाई से रास्ता पूरी तरह से खाली नजर आया.
अनिल, राहगीर
