आष्टा। ग्राम पंचायत सिद्दीकगंज की शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेता के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है. शिकायतें सही पाए जाने पर दुकान के विक्रेता को राशन वितरण के दायित्व से हटा दिया गया. खाद्यान्न स्टॉक में अंतर मिलने पर 7 लाख 70 हजार 442 रुपए 14 पैसे की राशि शासन मद में जमा कराने के आदेश दिए हैं.
बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर एसडीएम महेन्द्र प्रताप सिंह किरार के निर्देश पर सहायक आपूर्ति अधिकारी मिताली मेहरा ने निरीक्षण किया. हितग्राहियों ने दुकान समय पर नहीं खुलने तथा पीओएस मशीन में बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद राशन सामग्री उपलब्ध नहीं कराने जैसी शिकायतें दर्ज कराई. दुकान संचालक विनोद गोस्वामी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया.
