भारत ने अफगानिस्तान के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई

नयी दिल्ली 22 दिसम्बर (वार्ता) अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाते हुए भारत ने अफगानिस्तान के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई और वहां की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए कैंसर दवा, टीकों और सी टी स्कैन की खेप भेजी है। पिछले सप्ताह भारत की छह दिन की यात्रा पर आए अफगानिस्तान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री, मौलवी नूर जलाल जलाली ने 16 से 21 दिसंबर तक भारत की यात्रा की। उन्होंने यहां पारंपरिक चिकित्सा पर द्वितीय विश्व स्वास्थ्य संगठन वैश्विक शिखर सम्मेलन में भी भाग लिया। श्री जलाली ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के साथ द्विपक्षीय बैठक की। भारत ने मानवीय सहायता और विशेष रूप से दवाओं की दीर्घकालिक आपूर्ति के साथ स्वास्थ्य सहयोग को जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर कैंसर की दवाओं और टीकों का प्रतीकात्मक हस्तांतरण किया गया, जो अफगान जनता की चिकित्सा आवश्यकताओं के प्रति भारत के निरंतर समर्थन को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त, दवाओं, टीकों और एक 128-स्लाइस सीटी स्कैनर की एक बड़ी खेप अफगानिस्तान भेजी जा रही है, जिससे वहां की स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ किया जा सके।

अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री ने विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य से जुड़े विकास परियोजनाओं, स्वास्थ्य पर संयुक्त कार्य समूह के गठन, अफगानिस्तान में कैंसर उपचार सुविधाओं की स्थापना तथा अफगान डॉक्टरों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के अंतर्गत चिकित्सकों की एक टीम अफगानिस्तान भेजने जैसे विषयों पर चर्चा की।

श्री जलाली ने आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने अफगानिस्तान की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और विनियमन से संबंधित ज्ञान के आदान-प्रदान और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

भारत में शीर्ष स्तर की स्वास्थ्य प्रणाली को समझने के लिए अफगानिस्तान के प्रतिनिधिमंडल ने यहां एम्स तथा कुछ अन्य अस्पतालों का दौरा किया। जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय में स्थित यूनानी चिकित्सा उत्कृष्टता केंद्र का तकनीकी दौरा भी आयोजित किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण तथा हॉस्पिटल सर्विसेज कंसल्टेंसी कॉर्पोरेशन लिमिटेड (इंडिया) के साथ बैठकें कीं। इसके अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और फार्मास्यूटिकल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया के साथ संवाद सत्रों में भी भाग लिया।

 

 

Next Post

NMACC और कतर म्यूज़ियम्स की साझेदारी, भारत–कतर में बच्चों की शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

Mon Dec 22 , 2025
• पाँच साल का समझौता, ‘म्यूज़ियम-इन-रेज़िडेंस’ कार्यक्रम होंगे शुरू • खेल-खेल में सीखने पर ज़ोर, शिक्षकों और स्वयंसेवकों को मिलेगा प्रशिक्षण • स्कूलों, आंगनवाड़ियों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचेगी पहल   *मुंबई/दोहा, 22 दिसंबर 2025:* नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) और कतर म्यूज़ियम्स ने भारत और कतर में बच्चों […]

You May Like