
नई दिल्ली। भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के नए-पीढ़ी के एडम्या श्रेणी के फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) के तीसरे जहाज ‘आईसीजीएस अमूल्य’ का गोवा में औपचारिक रूप से कमीशनिंग किया गया। इस अवसर पर रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव (आईसी/एपी) अमिताभ प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उप महानिदेशक (एचआरडी) निरीक्षक जनरल ज्योतिंद्र सिंह सहित केंद्र व राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के प्रतिनिधि मौजूद थे।
51 मीटर लंबा यह एफपीवी गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा डिजाइन और निर्मित किया गया है, जिसमें 60 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी उपकरणों का उपयोग किया गया है। ‘अमूल्य’ नाम का अर्थ ‘अनमोल’ है, जो सुरक्षित, संरक्षित और स्वच्छ समुद्र सुनिश्चित करने के लिए तटरक्षक बल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। दो 3000 केडब्ल्यू डीजल इंजनों से लैस यह जहाज 27 नॉट की अधिकतम गति और 1500 नॉटिकल मील की परिचालन क्षमता रखता है।
जहाज पर 30 मिमी सीआरएन-91 गन और दो 12.7 मिमी स्टेबलाइज्ड रिमोट कंट्रोल्ड गन तैनात हैं। आईसीजीएस अमूल्य ओडिशा के पारादीप में तैनात रहेगा और निगरानी, खोज-बचाव, तस्करी रोधी तथा प्रदूषण नियंत्रण जैसे अभियानों में पूर्वी तट की सुरक्षा को सशक्त करेगा।
