उज्जैन: 200 वर्ष पुरानी तकिया मस्जिद मामले में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए मस्जिद के पुनर्निर्माण की मांग वाली याचिका खारिज कर दी. न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की खंडपीठ ने कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। कोर्ट ने मस्जिद के विध्वंस को वैधानिक प्रक्रिया के तहत सही ठहराया और बताया कि प्रभावित पक्ष को मुआवजा भी दिया गया था।
यह मस्जिद महाकालेश्वर मंदिर के पीछे स्थित थी, जिसे जनवरी 2025 में महाकाल लोक विस्तार और पार्किंग निर्माण के लिए 257 मकानों सहित हटाया गया था। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि मस्जिद 200 साल पुरानी वक्फ संपत्ति थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए कहा कि धर्म का पालन किसी विशेष स्थल तक सीमित नहीं है।
