विदर्भ के स्टार बल्लेबाज अमन मोखाड़े ने उत्तर प्रदेश के खिलाफ शानदार 147 रनों की पारी खेली। हालांकि, इस पारी के बाद भी वो विदर्भ को उत्तर प्रदेश से हार का सामना करना पड़ा।
विदर्भ क्रिकेट को नई पहचान दिला रहे अमन मोखाड़े का बल्ला इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 में लगातार गरज रहा है। मंगलवार को उत्तरप्रदेश के खिलाफ खेली गई 147 रनों की शानदार पारी के साथ अमन टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन स्कोरर बन गए हैं। घरेलू क्रिकेट के इस सत्र में, जब देश के कई नामी और अनुभवी खिलाड़ी मैदान में मौजूद हैं, उनके बीच विदर्भ के इस युवा बल्लेबाज़ का शीर्ष पर पहुंचना काबिल-ए-तारीफ उपलब्धि मानी जा रही है।
विजय हजारे ट्रॉफी में अमन मोखाड़े ने अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में 634 रन बनाए हैं। उनका औसत 126.80 का रहा है, जो उनके निरंतर और भरोसेमंद प्रदर्शन को दर्शाता है। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 1 अर्धशतक निकले हैं। यह आंकड़े साफ बताते हैं कि अमन इस समय अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे हैं।
