शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर रायबरेली के ठग ने युवक से हड़पे सवा 7 लाख

इंदौर। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर कई गुना मुनाफे का लालच देकर एक युवक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. शातिर ठग ने पीड़ित को अपने झांसे में लेकर अलग-अलग किश्तों में कुल 7.23 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए और रकम हाथ में आते ही अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है.

कनाड़िया पुलिस के अनुसार, ठगी की यह वारदात मानवता नगर के रहने वाले तरुण चौहान के साथ हुई. तरुण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी अभिषेक पाल निवासी मजरे आलमपुर, रायबरेली, यूपी से उसकी मुलाकात हुई थी. बातचीत के दौरान अभिषेक ने खुद को शेयर मार्केट का एक्सपर्ट बताया और दावा किया कि वह ‘एंजल ब्रोकिंग’ एप्लिकेशन के जरिए निवेश करता है. उसने तरुण को विश्वास दिलाया कि यदि वह उसके माध्यम से पैसा लगाएगा, तो उसे बहुत कम समय में भारी मुनाफा मिलेगा.आरोपी की बातों पर भरोसा करके तरुण ने निवेश करना शुरू कर दिया. उन्होंने 24 अप्रैल से लेकर 4 अक्टूबर के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 7,23,000 रुपये आरोपी के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जिसके सभी स्क्रीनशॉट भी उनके पास सुरक्षित हैं. 4 अक्टूबर को आखिरी बार मोटी रकम ऐंठने के बाद आरोपी अभिषेक पाल ने तरुण का फोन उठाना बंद कर दिया और अपनी लोकेशन बदल ली. जब काफी समय बीतने के बाद भी न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस आई, तब तरुण को ठगी का अहसास हुआ. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी इनपुट जुटाए जा रहे हैं.

Next Post

सुपरस्टार कल्चर पर गौतम गंभीर से अलग सोच रखते हैं राहुल द्रविड़, कहा- हर खेल को उसके हीरो की जरूरत होती है

Sun May 17 , 2026
भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान कोच गौतम गंभीर को सुपरस्टार कल्चर के खिलाफ आएदिन बोलते हुए देखा गया है। वहीं, पूर्व कोच राहुल द्रविड़ इस मुद्दे पर भिन्न राय रखते हैं। मौजूदा वक्त में गौतम गंभीर टीम इंडिया में मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे हैं। इससे पहले वो कमेंट्री […]

You May Like