मॉस्को, 02 नवंबर (वार्ता) रूस ने कैरिबियाई क्षेत्र में मादक पदार्थ विरोधी अभियानों के दौरान अत्यधिक सैन्य बल का प्रयोग करने के लिए अमेरिका की कड़ी निंदा की है।
रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने शनिवार को कहा कि इस तरह की कार्रवाई अमेरिकी एवं अंतर्राष्ट्रीय कानून दोनों का उल्लंघन करती हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थिति को कई देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा मान्यता प्राप्त है जिनमें संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “हम राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा की कोशिश में वेनेजुएला के प्रति अपने दृढ़ समर्थन की पुनः पुष्टि करते हैं। हम लैटिन अमेरिकी और कैरिबियाई क्षेत्र को शांति क्षेत्र के रूप में संरक्षित रखने का समर्थन करते हैं।”
रूसी प्रवक्ता ने कहा कि स्थिति को शांत करने तथा अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुरूप मौजूदा समस्याओं का समाधान निकालने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।

