
चितरंगी । चितरंगी पुलिस ने ग्राम नौगई द्वितीय में कार्रवाई करते हुए घर की बाउंड्री के भीतर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 11 हरे पौधे जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौगई द्वितीय निवासी रज्जू उर्फ राजेश्वर केवट ने अपने घर की बाउंड्री में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान घर के पीछे बाउंड्री परिसर में गांजे के 11 हरे पौधे मिले। इनका कुल वजन 8 किलो 200 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने पौधों को जप्त कर आरोपी रज्जू उर्फ राजेश्वर केवट पिता अभिलाष उर्फ बनवारी केवट उम्र 37 वर्ष निवासी नौगई सेकण्ड को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चितरंगी में अपराध के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ए) में मामला दर्ज किया है। आरोपी को विशेष न्यायालय एनडीपीएस के समक्ष पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में निरी सुधेश तिवारी,उनि उग्रभान वर्मा, सउनि सतीश दीक्षित, आर मुकेश पाण्डेय और महिला आर उमा शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
