शिवपुरी: जिले के ग्राम मानिकपुर में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों एक कृषि फॉर्म पर बने पानी के गड्ढे में डूब गए। मृतकों की पहचान 8 वर्षीय सोमपाल पिता दीवान आदिवासी और 7 वर्षीय सन्नू पिता प्रमोद आदिवासी के रूप में हुई है। दोनों आपस में चाचा-भतीजे थे। दोनों बच्चों के परिवार मायापुर थाना क्षेत्र में गांव के पास स्थित एक कृषि फॉर्म पर मजदूरी करने गए थे। बच्चे भी उनके साथ खेत पर चले गए थे।
दोनों बच्चे फार्म पर बने पानी के गड्ढे पर नहाने और खेलने के लिए पहुंच गए, लेकिन गड्ढे की गहराई का अंदाजा न होने की वजह से वे उसमें डूब गए। जब काफी देर तक बच्चे नजर नहीं आए तो परिजन उन्हें तलाशते हुए गड्ढे के पास पहुंचे, जहां बच्चों के कपड़े पड़े मिले। शक होने पर जब परिजनों ने गड्ढे में उतरकर देखा तो दोनों के शव पानी में मिले। बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है।
