दिनदहाड़े बाइक की डिक्की से 49,000 पार

जबलपुर: मझौली थाना क्षेत्र के बचैया तिराहा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. मझौली के व्यस्ततम बचैया तिराहा पर शनिवार को एक बाइक की डिक्की से अपराधियों ने ₹49,000 की नकदी पार कर दी. इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर देखा जा रहा है, जिसने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित गणेश साहू शनिवार सुबह बैंक से रुपए निकालने गए थे. उन्होंने बैंक से ₹49,000 की नगद राशि निकाली और उसे अपनी गाड़ी की डिक्की में सुरक्षित रख दिया. इसके बाद वह कुछ जरूरी काम निपटाने के लिए बचैया तिराहा के पास रुके और अपना काम करने लगे. इसी दौरान घात लगाए बैठे शातिर चोरों ने उनकी लापरवाही का फायदा उठाया. वायरल हो रहे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह दो शातिर चोर मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दे रहे हैं. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक युवक रेकी कर रहा है और दूसरा बेहद शातिर तरीके से गाड़ी की डिक्की को खोलकर उसमें रखे रुपयों से भरा बैग या नकदी निकाल लेता है. पूरी वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि आसपास मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगी. दोनों आरोपी पलक झपकते ही पैसे लेकर रफूचक्कर हो गए.
जब गणेश साहू अपना काम खत्म कर वापस गाड़ी के पास पहुंचे और डिक्की देखी, तो उनके होश उड़ गए. डिक्की से ₹49,000 गायब थे. पीड़ित ने तुरंत इस घटना की सूचना मझौली थाना पुलिस को दी. दिनदहाड़े हुई इस चोरी की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मझौली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने पीड़ित गणेश साहू की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मझौली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में दिख रहे संदिग्धों के हुलियो के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. व्यस्ततम तिराहे पर इस तरह की वारदात से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में डर का माहौल है, लोग पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं

Next Post

‘करण अर्जुन’ से ‘कोई मिल गया’ तक राजेश रोशन ने दिए अनगिनत हिट गाने, संगीत की दुनिया में रचा इतिहास

Sun May 24 , 2026
राजेश रोशन ने पांच दशकों में बॉलीवुड को कई यादगार गाने दिए। उन्होंने ही अमिताभ बच्चन से पहली बार फिल्मी गाना गवाया था और ‘जूली’ से लेकर ‘कृष’ तक संगीत की दुनिया में छाए रहे। मशहूर संगीतकार राजेश रोशन का जन्म 24 मई 1955 को मुंबई में हुआ था। राजेश […]

You May Like