राजा भोज एयरपोर्ट: CISF Vs AAI के बीच प्रतियोगिता, रोमांचक क्रिकेट फाइनल में CISF रहा विजेता

भोपाल। राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर रविवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में दोनों संगठनों के कार्मिकों के साथ उनके परिवारजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य हवाई अड्डा कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द, एकता और टीम भावना को सशक्त करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों की दौड़, पारिवारिक खेल, मनोरंजक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिससे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। प्रतिभागियों ने न केवल खेल भावना का प्रदर्शन किया, बल्कि शारीरिक फिटनेस और आपसी जुड़ाव का भी संदेश दिया। कई मुकाबलों में सीआईएसएफ और एएआई की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार अपने नाम किए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतिम क्रिकेट मैच रहा, जो एएआई भोपाल और सीआईएसएफ यूनिट भोपाल की टीमों के बीच खेला गया। एएआई भोपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 144/8 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सीआईएसएफ यूनिट भोपाल ने 19.2 ओवर में 145/8 रन बनाकर मुकाबला 2 विकेट से जीत लिया।

एयरपोर्ट निदेशक रामजी अवस्थी के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन (3 विकेट) के बावजूद एएआई टीम जीत से मामूली अंतर से चूक गई। वहीं, कमांडेंट श्री अतुल भनोत्रा के कुशल नेतृत्व में सीआईएसएफ टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

मैच दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा और इस आयोजन ने दोनों संगठनों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ मैत्रीपूर्ण संबंधों को भी मजबूती दी। अंत में सीआईएसएफ यूनिट भोपाल को विजेता ट्रॉफी से सम्मानित किया गया, जबकि एएआई भोपाल टीम को उपविजेता घोषित किया गया।

Next Post

आगरा में रेस्तरां में लगी आग,लाखों का नुकसान

Sun Jan 25 , 2026
आगरा 25 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के शाहगंज क्षेत्र में रविवार को नामी सत्तो लाला फूड कोर्ट रेस्टोरेंट में भीषण आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। पुलिस ने बताया कि रेस्तरां के छोले भटूरे बनाने वाले स्टॉल पर अचानक से आग लगना शुरू हुई […]

You May Like

मनोरंजन