
सीधी, जिले में दो दिनों हुई मूसलाधार बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागवन पर भारी असर पड़ा है। तहसील रामपुर नैकिन क्षेत्र के पहाड़ में लैंडस्लाइड के चलते शिकारगंज-खड्डी मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। यहां अब भी पहाड़ से जगह-जगह लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। इस वजह से दो पहिया वाहनों के निकलने में भी खौफ बना है। दरअसल दरम्यानी रात भर बारिश का दौर चलने के कारण आज सुबह से ही जगह-जगह भारी जल भराव की स्थिति निर्मित थी। शहरी क्षेत्रों के साथ ही कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी जल भराव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सीधी शहर में ही वार्ड क्रमांक 17 मिश्रा कॉलोनी में भारी जल भराव के चलते सडक़ में घुटने तक पानी भरा रहा। यहां पुराना पोखरी तालाब के चलते बारिश के दिनों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नगर पालिका द्वारा उक्त समस्या के स्थाई समाधान के लिए कोई कार्ययोजना नहीं बनाई जाती। शहर के अन्य निचले इलाकों में भी आज सुबह से जल भराव के चलते कई भवनों में पानी भरने की समस्या सामने आई। सुबह से ही नगर पालिका सीएमओ माहमूद हसन एवं सफाई प्रभारी गौरव सिंह नपा अमले के साथ व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। इसी तरह नगर परिषद रामपुर नैकिन के बाजार क्षेत्र में भी कई फिट पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासतौर से बाजार क्षेत्र की कई दुकानों में कई फिट पानी भर जाने से सामान भी बर्बाद हो गए। अव्यवस्था को लेकर लोगों में काफी आक्रोश नजर आया। गनीमत यह रही कि सुबह से बारिश का दौर थम गया जिसके चलते जल भराव की स्थिति भी धीरे-धीरे सामान्य होती गई। आकाश में उमड़ रहे घने बादलों के चलते रात में भी तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि रात में भी बारिश हुई तो कुछ स्थानों में हालात बिगड़ सकते हैं।
मझौली-ब्यौहारी मार्ग के पुल के समीप पहुंचा पानी
मझौली-ब्यौहारी मार्ग पर स्थित बनास नदी के भारी उफान पर आने से पुल के समीप तक आज सुबह से पानी बना रहा। यदि रात में भी तेज बारिश का दौर जारी रहा तो पुल के ऊपर पानी पहुंच जाएगा और आवागवन पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाएगा।
परसिली रिसार्ट में पहुंचा बनास नदी का पानी
बनास नदी के समीप बने परसिली रिसार्ट तक आज नदी का पानी पहुंच गया। बनास नदी के काफी उफान पर होने के कारण रिसार्ट की बाउंड्री तक नदी का पानी पहुंच चुका है। यदि आगे तेज बारिश हुई तो नदी का जल स्तर और बढ़ सकता है।
बढ़ौरा मंदिर के रपटा के ऊपर आया पानी
जिले के प्रशिद्ध बढौरा मंदिर के समीप बने रपटा के ऊपर पानी आने से श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई। दरअसल यहां काफी कम ऊंचाई का रपटा होने से तेज बारिश के दौरान रपटा के ऊपर पानी आ जाता है। श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बनी हुई है।
खैरा-डिठौरा नवनिर्मित सडक़ बही
तेज बारिश के चलते जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत खैरा-डिठौरा की नवनिर्मित डामरीकृत सडक़ का आधे से ज्यादा हिस्सा बह गया। बताया गया है कि रात में लगातार बारिश होने से सडक़ का कटाव शुरू हो गया और पानी के तेज बहाव में बह गई।
