सतना :छोटे भाई और मित्र के साथ नहाने के लिए नहर में उतरे युवक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया. हलांकि स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर शव को पानी से बाहर निकाल लिया. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के उतैली क्षेत्र में स्थित प्रधानमंत्री आवास कालोनी में रहने वाला 18 वर्षीय युवक और कक्षा 128ीं का छात्र अनंत मंगलवार को अपने छोटे भाई और एक मित्र के साथ दोपहर के लगभग 3 बजे सोनौरा में नगर के पीछे की ओर गया था.
इसी दौरान वहां से होकर गुजरने वाली नहर में नहाने का मन बना लिया. कपड़े नहर किनारे रखने के बाद अंनत पानी में उतरने लगा. लेकिन इसी दौरान पैर फिसलने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह पानी में समा गया. यह देख छोटे भाई और मित्र ने शोर मचाकर लोगों को बुलाने का प्रयास किया. इसी दौरान छोटा भाई भाग कर घर पहुंच गया और परिजनों को सूचना दी. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही दर्जन भर से अधिक की संख्या में स्थानीय रहवासी एकत्रित हो गए.
आनन-फानन में रस्से का इंतजाम करते हुए कुछ लोग नहर के पानी में उतर गए. रस्सी को पकड़े हुए लोगों ने नहर में डूबे अंनत को खाजने का प्रयास शुरु किया. लगभग घंटे भर तक कड़ी मशक्कत करने के बाद अनंत का शव नहर की गहराई में झाडिय़ों के बीच फंसा मिला. जिसे फौरन बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया. लेकिन अस्पताल में जांच करते हुए ड्यूटी डॉक्टर द्वारा अनंत को ब्रॉट डेड घोषित कर दिया गया. यह जानकारी सामने आते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. वहीं मौके पर मौजूद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
