इंदौर: खुशहाली के दो आयाम ऋण मुक्ति और पूरा दाम के नारे के साथ किसानों और मजदूरों ने अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया है. खेती के व्यस्त समय में किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किए जाने के विरोध में राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ की मध्य प्रदेश इकाई के नेतृत्व में 4 मई 2026 को भोपाल में बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा और मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा.
सभी किसानों, मजदूरों और महिलाओं से अपील की गई है कि वे अपने गांवों से ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित भोपाल पहुंचें और अपने साथ भोजन, पानी और दैनिक उपयोग की सामग्री लेकर आएं. मुख्य मांगों में गेहूं खरीदी की समस्याओं का समाधान, नरवाई जलाने के मामलों में राहत, कृषि ऋण पर ब्याज में छूट, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को पूरी सहायता, न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, फसलों का उचित मूल्य, मूंग की समय पर खरीदी, उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता और किसानों की पूर्ण कर्ज मुक्ति शामिल हैं.
एकता दिखाने की अपील
इसके अलावा दूध के दाम बढ़ाने, बिजली विभाग की मनमानी रोकने, भूमि संबंधी त्रुटियों को सुधारने और विकास कार्यों के लिए जमीन अधिग्रहण पर उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी गई है. किसानों से समय पर पहुंचकर एकता दिखाने और आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई है.
