जगमगाती रोशनी में नहाया शहर

सतना:आस्था, भक्ति और उल्लास के महापर्व शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर समूचा शहर भक्ति के रस में सराबोर है. शाम ढलते ही शहर की हर सड़क, चौराहा और गली रंग-बिरंगी दूधिया और सतरंगी लाइटों से जगमगा उठी है. भव्य दुर्गा पूजा पांडालों में माँ भगवती के दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए श्रद्धालुओं का लगातार जनसैलाब उमड़ रहा है.

शहर के विभिन्न मार्गों और चौराहों पर आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट की गई है, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. अष्टमी के दिन शहर के प्रमुख पंडालों में स्थापित आकर्षक और सुंदर प्रतिमाओं के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी में माता के दर्शन को लेकर भारी उत्साह नजर आया.

सामाजिक संदेश देती झांकियां और पंडाल
पंडालों में केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाले संदेश भी दिए जा रहे हैं. शहर के भुंजवा मोहल्ले में स्थापित काली माता के पंडाल की समिति ने नशा मुक्ति और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सुंदर और सजीव झांकियां प्रस्तुत की हैं जो पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
जगह-जगह भंडारों का आयोजन
नवरात्रि के इस पावन पर्व पर शहर के कोने-कोने में जगह-जगह विशाल भंडारों का आयोजन दुर्गा पंडाल समितियों द्वारा किया जा रहा है. इन भंडारों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रसाद ग्रहण कर के शारदीय नवरात्रि के सुखद मेले का आनंद ले रहे हैं.
सड़कों पर श्रद्धालुओं का हुजूम पुलिस प्रशासन मुस्तैद
अष्टमी की शाम होते ही शहर की मुख्य सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा. चौक-चौराहों, बाजारों और मेला प्रांगण में पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं और दोपहिया वाहनों का तांता लगा रहा. जगमगाती लाइटों की सजावट के बीच जय माता दी के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल मुस्तैद रहा ताकि यातायात व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालु सुगमता से माता रानी के दर्शन कर सकें.
शहर की सजावट सचमुच देखते ही बन रही है . शाम ढलते ही जब चारों तरफ रंग-बिरंगी दूधिया और सतरंगी लाइटें जलती हैं तो पूरा शहर चमक उठता है. हम दोस्तों के साथ हर शाम अलग-अलग पांडालों में माँ के दर्शन करने जा रहे हैं. – संतोष गुप्ता
शहर के भव्य दुर्गा पूजा पांडालों में माँ भगवती की प्रतिमाएं इतनी मनमोहक और भव्य हैं कि उनके दर्शन करके मन तृप्त हो जाता है. सुबह और शाम की महाआरती में शामिल होने का जो आनंद है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. पूरा परिवार मिलकर माँ की आराधना में लीन है. – लखन चंद
हमारी समिति द्वारा पांडाल में विशेष थीम और भव्य सजावट की गई है. शाम होते ही जिस तरह से श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है, उससे हमारी सारी मेहनत सफल हो गई है. पंडाल में नशा मुक्ति के लिए खास थीम में झांकी बनाई गई है जिसे लोग खूब सराह रहे हैं. – धीरज विश्वकर्मा
बच्चे, युवा और बुजुर्ग—सभी उम्र के लोग पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ इस महापर्व का आनंद ले रहे हैं. चारों तरफ गूंजती महाआरती की ध्वनि और ढोल-नगाड़ों से पूरा शहर भक्तिमय हो गया है, जिससे मन को बहुत शांति और प्रसन्नता मिलती है. – देवेन्द्र गुप्ता

Next Post

बड़े तालाब के पास सीमेंट प्लांट लगाने के प्रस्ताव को तत्काल खारिज किया जाए : अजय सिंह

Mon Oct 19 , 2026
सीधी: पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भोपाल के बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया में सात सौ करोड़ की लागत से सीमेंट प्लांट लगाये जाने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इसे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाली एक सोची-समझी साजिश बताया है।अजय सिंह ने कहा कि अल्ट्राटेक […]

You May Like

मनोरंजन