बड़े तालाब के पास सीमेंट प्लांट लगाने के प्रस्ताव को तत्काल खारिज किया जाए : अजय सिंह

सीधी: पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भोपाल के बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया में सात सौ करोड़ की लागत से सीमेंट प्लांट लगाये जाने का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने इसे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाली एक सोची-समझी साजिश बताया है।अजय सिंह ने कहा कि अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड द्वारा फंदाकलां की लगभग 22 हेक्टेयर जमीन पर सालाना अस्सी लाख टन उत्पादन क्षमता वाला प्लांट लगाने की तैयारी की जा रही है। यह क्षेत्र पूरी तरह से बड़े तालाब के जलग्रहण क्षेत्र में आता है। सबसे ज्यादा आपत्तिजनक बात यह है कि कंपनी ने अपनी रिपोर्ट में बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया और साल 2022 के संरक्षण आदेशों का विवरण ही प्रस्ताव में नहीं दिया है। यह सीधे तौर पर तथ्यों को छिपाने की धोखाधड़ी है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के 16 मार्च 2022 के ‘भोज वेटलैंड संरक्षण आदेश’ और सरकारी कैचमेंट मानचित्र के प्रारंभिक मिलान में यह प्रस्तावित स्थल बड़े तालाब के जलग्रहण क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। फिर इस पर विचार ही क्यों किया जा रहा है? यह सिर्फ प्रदूषण का ही मामला नहीं बल्कि यहां उद्योग लगाने की कानूनी पात्रता का भी है।
उन्होंने विशेषज्ञों की चिंताओं का समर्थन करते हुए कहा कि सीमेंट प्लांट चालू होने पर रोजाना पांच लाख लीटर पानी लगेगा, जिससे भूजल स्तर पर विपरीत असर पड़ेगा। प्लांट से होने वाले पानी और वायु प्रदूषण के कारण बड़े तालाब के अस्तित्व पर संकट मंडराएगा । साथ ही यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों के जीवन पर भी भारी असर पड़ेगा।
अजय सिंह ने पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी के उस बयान पर भी सवाल उठाए हैं जिसमें अनुमति से पहले जनसुनवाई की बात कही गई है।

उन्होंने कहा है कि जब यह स्थान पूरी तरह से प्रतिबंधित क्षेत्र है तो जनसुनवाई का नाटक करने के बजाय इस प्रस्ताव को तुरंत खारिज किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि भोपाल का बड़ा तालाब यहां की जनता की जीवनरेखा है। हम चंद उद्योगपतियों के फायदे के लिए भोपाल के पर्यावरण को इस तरह नष्ट नहीं होने देंगे। सरकार इस आत्मघाती परियोजना को तुरंत निरस्त करे।

Next Post

महाराष्ट्र में गोलीबारी की घटनाओं पर सुप्रिया सुले ने गृह विभाग से मांगा जवाब

Mon Oct 19 , 2026
बीड, (वार्ता) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने महाराष्ट्र में गोलीबारी की घटनाओं को लेकर गृह विभाग से जवाबदेही तय करने की मांग की और सवाल किया कि क्या अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। बीड में उन्होंने पुणे और बीड में गोलीबारी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड […]

You May Like

मनोरंजन