
नीमच। जावद में बच्चों के विवाद को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में संघर्ष हो गया। इस घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नीमच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, दो दिन पहले हुए विवाद के बाद आज शुक्रवार को दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
गाडिय़ों में तोडफ़ोड़-पत्थरबाजी का लगाया आरोप घायलों में एक पक्ष से आदर्श मोहल्ला जावद निवासी निजाम (30), सद्दाम (35) और शहजाद (38) शामिल हैं। निजाम के सिर में गंभीर चोट आई है और उनका पैर भी फ्रैक्चर बताया जा रहा है। इस पक्ष ने बुकदाद पिता नूर मोहम्मद, जुनैद पिता बुकदाद, मुख्तार पिता रफीक, शाकिर पिता रफीक और रियाज पिता रफीक पर मारपीट, गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ और पत्थरबाजी करने का आरोप लगाया है।
मारपीट का वीडियो भी आया सामने जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, दूसरे पक्ष से आदर्श मोहल्ला जावद निवासी मुख्तार (22) और बगदाद (53) भी घायल हुए हैं। बगदाद के सिर में गंभीर चोट आई है। शहजाद पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने मारपीट के साथ-साथ घर के बाहर खड़े वाहनों में तोडफ़ोड़ की और पत्थर भी बरसाए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाठियों से दोनों पक्ष एक दूसरे पर वार कर रहे हैं। फिलहाल, सभी पांचों घायलों का नीमच जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
