
ग्वालियर। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इससे प्रमुख शहरों के बीच आवागमन सुगम होगा।
पहली ट्रेन 01901/01902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-हजरत निजामुद्दीन 27 और 28 अगस्त को चलेगी। 01901 झांसी से सुबह 11 बजे रवाना होकर शाम 6:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में 01902 निजामुद्दीन से रात 7:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 3:30 बजे झांसी पहुंचेगी। इसमें साधारण, शयनयान, वातानुकूलित सहित 20 आईसीएफ कोच होंगे।
दूसरी ट्रेन 01903/01904 झांसी-निजामुद्दीन 26 से 30 अगस्त तक संचालित होगी। 01903 झांसी से रात 7:20 बजे चलकर सुबह 3:05 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में 01904 निजामुद्दीन से सुबह 4:10 बजे रवाना होकर दोपहर 2:05 बजे झांसी आएगी। इसमें 20 कोच होंगे।
तीसरी ट्रेन 01913/01914 खजुराहो-निजामुद्दीन 26, 28, 30 अगस्त को खजुराहो से शाम 5 बजे चलकर सुबह 7:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में 27, 29, 31 अगस्त को निजामुद्दीन से सुबह 11:10 बजे चलकर रात 12:55 बजे खजुराहो पहुंचेगी। यह ग्वालियर, आगरा, मथुरा होते हुए चलेगी। इसमें 21 कोच होंगे। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति 139 या एनटीईएस ऐप पर जांचने की अपील की है।
