
ग्वालियर। ग्वालियर जिले में ‘शक्ति दीदी’ के रूप में हुआ नवाचार महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बन गया है। आज गुरुवार को जिले की 4 और जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी बनीं। जिले में अब 127 महिलाएं सफलतापूर्वक शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
यह नवाचार जरूरतमंद महिलाओं को केवल रोजगार देने के लिए ही नहीं , उन्हें समाज में सम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा करने के उद्देश्य से किया गया है। ‘शक्ति दीदी’ बनकर महिलाएं स्वयं की पहचान तो बना ही रही हैं, साथ ही परिवार की आर्थिक मजबूती में भी सहभागी बनीं हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने गुरुवार को हुरावली स्थित एचपीसीएल सर्विस सेंटर पर शक्ति दीदी नवाचार के तहत सम्मानपूर्वक फूल मालाएं व जैकेट पहनाकर मंजू, सुश्री काजल और पूनम को फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी। वहीं कलेक्ट्रेट के पीछे जिला पंचायत रोड स्थित वैश्य एंड मुखर्जी पेट्रोल पंप पर अपर जिला दण्डाधिकारी सी.बी. प्रसाद की मौजूदगी में सीमा सोलंकी ‘शक्ति दीदी’ बनीं।
फ्यूल डिलेवरी वर्कर की भूमिका निभा रहीं मंजू, काजल एवं अन्य शक्ति दीदियों का कहना है कि हमें केवल रोजगार ही नहीं, सम्मानपूर्वक आगे बढ़ने का भी अवसर मिला है। शक्ति दीदियां कहती हैं कि पेट्रोल पंप पर जब हम फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाते हैं, तो हमारा आत्मविश्वास बढ़ जाता है। साथ ही ऐसा लगता है कि अब हम किसी के सहारे के मोहताज नहीं, बल्कि अपने परिवार का सहारा हैं। ग्वालियर का यह नवाचार उन महिलाओं के लिए उम्मीद की बड़ी किरण बन गया है, जो परिस्थितियोंवश परेशान रहीं हैं।
