दुर्ग 07 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत घासीदास नगर में गुरुवार को एक युवक द्वारा मंदिर में तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने न सिर्फ शिवलिंग को नुकसान पहुंचाया, बल्कि पेड़ के नीचे स्थित हनुमान मंदिर का झंडा भी नीचे फेंक दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जामुल थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। बताया गया है कि आरोपी युवक अल्पसंख्यक समुदाय से है, जिसकी पहचान अब्दुल शहजाद के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।
घटनास्थल पर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है।
एएसपी पद्मश्री तंवर ने जानकारी दी कि घासीदास नगर के निवासियों की शिकायत पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति, मंशा और उसके किसी नेटवर्क से जुड़े होने की संभावना की भी जांच कर रही है।
बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने इसे एक सुनियोजित सांप्रदायिक हमला बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बजरंग दल के कार्यकर्ता पुष्पराज सिंह ने कहा कि आरोपी ने पहले तुलसी चौरा को निशाना बनाया, फिर मंदिर की मूर्तियों को भी क्षतिग्रस्त किया। उन्होंने मांग की कि आरोपी पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए दोषी के खिलाफ कड़ी सजा सुनिश्चित की जाए।
