
जबलपुर। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शनिवार को शास्त्री ब्रिज स्थित नरसिंह मंदिर परिसर में संचालित भगिनी निवेदिता बालिका छात्रावास पहुंचकर आदिवासी छात्राओं से आत्मीय भेंट की और परिसर में औषधि पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, इंजीनियर और डॉक्टर बनकर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं राज्यपाल के आगमन पर छात्राओं और विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा एवं प्रादेशिक सचिव डॉक्टर सुधीर अग्रवाल ने शॉल एवं पुष्प भेंटकर उनका स्वागत किया। पौधे रोपित करने के बाद राज्यपाल ने शनिवार को छात्रावास के कमरों का भ्रमण किया और बालिकाओं से संवाद कर पढ़ाई के लिए गंभीर रहने प्रोत्साहित किया।
मेरी भी 3 बेटियां हैं….
छात्राओं से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने कहा कि उनकी भी तीन बेटियां हैं और उनकी नातिन कंप्यूटर इंजीनियर है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आप सभी इंजीनियरिंग की छात्राएं हैं, इसलिए पूरी लगन और मेहनत से अध्ययन करें, डॉक्टर और इंजीनियर बनें तथा देश का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी कहा कि विद्या भारती जैसे संस्थान में पढ़ना सौभाग्य की बात है। राज्यपाल ने इस मौके पर अखिल भारतीय बालिका शिक्षा प्रमुख रेखा चूड़ासमा के कार्यों की सराहना भी की। कार्यक्रम में आयुक्त धनंजय सिंह, आईजी, विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा, प्रादेशिक सचिव डॉ. सुधीर अग्रवाल, संगठन मंत्री अमित दवे, विष्णुकांत ठाकुर, ईश्वर पटेल, हरिराम तिवारी, विवेक चौधरी, कमलेश अग्रहरी मंजू दीदी सहित बड़ी संख्या में छात्राओं व शिक्षकों की उपस्थिति रही।
