नयी दिल्ली 20 जून (वार्ता) दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को परीक्षा केंद्र पहुंचकर नीट यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया।
श्री सूद ने नीट यूजी पुनर्परीक्षा की तैयारियों के मद्देनज़र आज यहाँ पंडारा रोड सी एम श्री स्कूल का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित एसडीएम भी उपस्थित थे। निरीक्षण के बाद श्री सूद ने बताया कि नीट की परीक्षा के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने पूरी दिल्ली में कई स्थानों पर सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने बताया कि 21जून को आयोजित होने वाली नीट की परीक्षा के लिए दिल्ली में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ दूर-दराज़ क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगभग 2,500 वर्ग फुट के वातानुकूलित एवं आरामदायक कूलिंग जोन बनाये गये हैं, जहां अभिभावक और विद्यार्थी परीक्षा से पूर्व आराम कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इन कूलिंग जोन में बैठने की सुविधा, पीने का साफ पानी, शिकंजी, वी आर एस तथा प्राथमिक शिक्षा उपलब्ध होंगी ताकि अभिभावकों और बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचते हैं तो वे भी इन कूलिंग जोन का उपयोग कर सकते हैं। मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं तैयारियों की लगातार निगरानी कर रही हैं तथा सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। श्री सूद ने यह भी कहा कि सरकार ने नीट की परीक्षा के लिए पूरी दिल्ली में 97 परीक्षा केंद्र बनाये हैं जिनमें 69 सरकारी विद्यालय तथा 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल है। इन परीक्षा केंद्रों के आसपास जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किये है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहली बार ऐसी व्यापक व्यवस्था की गयी है ताकि नीट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भीषण गर्मी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

