
भोपाल। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में रेस्क्यू किए गए सांभर को मानव भोजन खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रभारी सहायक संचालक विनोद वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।वन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में प्रभारी सहायक संचालक विनोद वर्मा एक सांभर के साथ अस्वाभाविक व्यवहार करते हुए दिखाई दिए। विभाग ने इसे शासकीय दायित्वों के विपरीत गंभीर लापरवाही मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना है। इसके आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत उन्हें 25 जून से निलंबित कर दिया गया।बताया गया कि यह कार्रवाई प्रमुख सचिव वन संदीप यादव के निर्देश पर की गई। निलंबन अवधि में विनोद वर्मा का मुख्यालय सहायक संचालक कार्यालय, पिपरिया (सतपुड़ा टाइगर रिजर्व) निर्धारित किया गया है और उन्हें सक्षम अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार सांभर जैसे वन्यजीवों को नमकयुक्त अथवा मानव भोजन खिलाना उनके प्राकृतिक व्यवहार को प्रभावित कर सकता है। इससे वन्यजीवों की मनुष्यों पर निर्भरता बढ़ने तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका भी बढ़ सकती है।
