इंदौर:अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में फूटी कोठी चौराहे के समीप लूटपाट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिना नंबर की स्कूटी से आए एक युवक और युवती ने फरियादी का पीछा कर उसे रोका और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद आरोपी युवक ने जेब से चाकू निकाल लिया, जिससे डरकर पीड़ित अपनी गाड़ी छोड़कर भागा और दोनों आरोपी उसकी एक्टिवा लेकर चंपत हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 60 फीट रोड द्वारकापुरी निवासी पीयूष पिता राजेंद्र शिंदे ने अन्नपूर्णा थाने में उपस्थित होकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह अपनी एक्टिवा से फूटी कोठी चौराहे के पास से गुजर रहा था, तभी एक बिना नंबर की काले रंग की स्कूटी पर सवार एक लड़का और एक लड़की उसका पीछा करते हुए आए। आरोपियों ने अचानक अपनी स्कूटी पीयूष की गाड़ी के आगे अड़ा दी और उसका रास्ता रोक लिया।रास्ता रोकते ही दोनों आरोपी गालियां देने लगे और फरियादी का चश्मा खींच लिया। दोनों आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी कि आज तो तुझे जान से खत्म कर देंगे और उसकी एक्टिवा छीनने की कोशिश करने लगे।
जब पीयूष ने इसका विरोध किया, तो स्कूटी सवार लड़की ने उसे पीछे से कसकर पकड़ लिया और उसके साथ मौजूद लड़के ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकालकर उस पर हमले के लिए झपट्टा मारा।आरोपी को चाकू लेकर हमला करते देख पीड़ित पीयूष अपनी जान बचाने के लिए एक्टिवा वहीं छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद दोनों आरोपी उसकी एक्टिवा लेकर फरार हो गए। अन्नपूर्णा थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर लुटेरे युवक-युवती की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
