शिवपुरी: आजाद नगर लालमाटी में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब नशे में धुत एक ई-रिक्शा चालक ने खेल रही 4 साल की बच्ची को बेरहमी से रौंद दिया। इस हादसे में मासूम का पैर बुरी तरह कुचल गया है, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता की मां हिना बानो (32), निवासी आजाद नगर लालमाटी ने बताया कि उनकी बेटी करीना बानो (4 वर्ष) घर के बाहर किराने की स्टॉल के पास सड़क पर खेल रही थी।
इसी दौरान ई-रिक्शा चालक चांद खान ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी। टक्कर से ई-रिक्शा का पहिया बच्ची के दाहिने पैर पर चढ़ गया। इस दौरान परचून की स्टाल को भी नुकसान पहुंचा। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ई-रिक्शा चालक नशे की हालत में था। हादसे के तुरंत बाद बच्ची को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी चालक चांद खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
