चैत्र नवरात्रि मेला 19 मार्च से, डोंगरगढ़ में सुरक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के पुख्ता इंतजाम

राजनांदगांव, 02 मार्च 2026 (वार्ता) प्रशासन ने छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिला के डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर में 19 मार्च से प्रारंभ होने वाले चैत्र नवरात्रि मेला की तैयारियां शुरू कर दी है।

यहां कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विधायक हर्षिता बघेल और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिसकी जानकारी आज जिल प्रशासन ने दी। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि के दौरान देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि पदयात्रियों और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेले के दौरान पेयजल और बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में ओआरएस घोल, जीवन रक्षक दवाइयों और प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ऊपर और नीचे स्थित दोनों मंदिरों में डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी। अंजोरा से अछोली तक लगने वाले सेवा पंडालों में विश्राम, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी।

कलेक्टर ने मेला क्षेत्र को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त रखने और सतत साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग को मेला क्षेत्र में बिकने वाले मिष्ठान एवं खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने को कहा गया है।

श्रीमती शर्मा ने बताया कि मेला स्थल और मंदिर की सीढ़ियों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कंट्रोल रूम और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के माध्यम से निगरानी की जाएगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम संकेतक एवं अस्थायी गति अवरोधक लगाए जाएंगे।

रोपवे की फिटनेस और मेंटेनेंस को लेकर ट्रस्ट से जानकारी ली गई है तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संपूर्ण मेला व्यवस्था की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, प्रेम प्रकाश शर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ट्रस्टी उपस्थित रहे।

 

 

Next Post

तेलंगाना में धूमधाम से मनायी गयी होली, हैदराबाद पुलिस ने हुड़दंग मचाने वालों के लिए जारी की चेतावनी

Tue Mar 3 , 2026
हैदराबाद, 03 मार्च (वार्ता) रंगों का त्योहार होली मंगलवार को तेलंगाना भर में बड़े उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। यह पर्व, जो बुराई पर अच्छाई की विजय और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक है, हैदराबाद और सिकंदराबाद तथा राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी लोगों […]

You May Like