भारती एयरटेल में नए नेतृत्व युग का आगाज: गोपाल विट्टल वाइस चेयरमैन और शाश्वत शर्मा संभालेंगे सीईओ की कमान

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर (वार्ता)। देश की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने अपनी सुव्यवस्थित उत्तराधिकार योजना के तहत शीर्ष नेतृत्व में बड़े बदलावों की घोषणा की है। पिछले 13 वर्षों से प्रबंध निदेशक और सीईओ के रूप में कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाले गोपाल विट्टल एक जनवरी 2026 से भारती एयरटेल के एक्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन की नई भूमिका संभालेंगे। वहीं, वर्तमान सीईओ डेजिग्नेट शाश्वत शर्मा इसी दिन से कंपनी के नए प्रबंध निदेशक और सीईओ का पदभार ग्रहण करेंगे।

नेतृत्व परिवर्तन की इस प्रक्रिया के तहत गोपाल विट्टल अब समूह स्तर पर डिजिटल, टेक्नोलॉजी, नेटवर्क रणनीति और टैलेंट जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में तालमेल बिठाने और भविष्य की रणनीति तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। पिछले एक साल से गोपाल विट्टल के मार्गदर्शन में व्यवसाय की बारीकियों को समझने वाले शाश्वत शर्मा अब इंडिया ऑपरेशंस का नेतृत्व करेंगे और श्री विट्टल को रिपोर्ट करेंगे।

कंपनी ने वित्तीय और प्रशासनिक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। वर्तमान सीएफओ सौमेन रे को अब ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर बनाया गया है, जबकि अखिल गर्ग भारती एयरटेल इंडिया के नए सीएफओ होंगे। इसके अलावा, रोहित पुरी को कंपनी सेक्रेटरी और कंप्लायंस ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पंकज तिवारी समूह स्तर पर अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।

इस महत्वपूर्ण बदलाव पर भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एयरटेल में नेतृत्व का यह परिवर्तन सही समय पर हो रहा है, जिससे कंपनी में बदलाव और निरंतरता दोनों का संतुलन बना रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गोपाल विट्टल और शाश्वत शर्मा की जोड़ी कंपनी की विकास दर को और तेज करेगी। श्री मित्तल ने दोहराया कि एयरटेल का लक्ष्य दुनिया की सर्वश्रेष्ठ वैश्विक टेलीकॉम कंपनी बनना है और नई टीम इस विजन को साकार करने की दिशा में काम करेगी।

 

 

Next Post

भारत विरोधी गतिविधियों के लिए चर्चित 'जुलाई विद्रोह' के नेता शरीफ उस्मान हादी की सिंगापुर में मौत

Fri Dec 19 , 2025
ढाका, (वार्ता) बंगलादेश में ‘जुलाई विद्रोह’ के प्रमुख चेहरे और दक्षिणपंथी संगठन ‘इंक़लाब मंच’ के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की गुरुवार रात सिंगापुर के एक अस्पताल में मौत हो गई। ढाका के पलटन इलाके में 12 दिसंबर को हुए एक हमले में उसके सिर में गोली लगी थी, जिसके बाद […]

You May Like