
दमोह। संचालक, लोक अभियोजन संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार तथा धर्मेंद्र सिंह तारन, प्रभारी उपनिदेशक अभियोजन के मार्गदर्शन में जिला अभियोजन परिवार, दमोह द्वारा 12 जुलाई 2026 को महिला अपराध सम्बंधी विधिक प्रावधान विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया.कार्यक्रम में आनंद कलादगि (पुलिस अधीक्षक), कैलाश चंद पटेल (सहायक निदेशक अभियोजन शहडोल), जिनेन्द्र जैन (सहायक निदेशक अभियोजन टीकमगढ़), गणेश पाण्डे (सहायक निदेशक अभियोजन कटनी), वरिष्ठ अधिवक्ता भगवती श्रीवास्तव, सुरेश खत्री, कमलेश भारद्वाज, दीपक श्रीवास्तव, कपिल की गरिमामयी उपस्थिति रही.
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिला अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित अनुसंधान तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी संकलन न्याय सुनिश्चित करने की आधारशिला है. उन्होंने पुलिस व अभियोजन के मध्य बेहतर समन्वय, समयबद्ध विवेचना तथा गुणवत्तापूर्ण अभियोजन पर विशेष बल देते हुए कहा कि दोनों विभागों के संयुक्त प्रयासों से ही पीड़ितों को शीघ्र व प्रभावी न्याय दिलाया जा सकता है.कार्यशाला में जिला दमोह व कटनी के अभियोजन अधिकारीगण ने सहभागिता की. विषय विशेषज्ञों द्वारा कार्यशाला में महिला अपराधों से संबंधित नवीन विधिक प्रावधानों, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन तथा प्रभावी अभियोजन के विभिन्न पहलुओं पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया.कार्यक्रम के अंत में ओपन डिस्कशन सेशन आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षणार्थियों द्वारा अपने कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं व जिज्ञासाओं को साझा किया गया तथा विशेषज्ञों द्वारा उनका समाधान किया गया.
