ऑपरेशन सिंदूर पर पृथ्वीराज चव्हाण का बयान आपत्तिजनक और देशविरोधी: संबित पात्रा

नयी दिल्ली, 17 दिसंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बुधवार को कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ वाले बयान की आलोचना करते हुये इसे आपत्तिजनक और देश विरोधी बताया है।

श्री पात्रा ने कहा कि गांधी परिवार, खासकर राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के नजीदीकी माने जाने वाले श्री चव्हाण का यह बयान बेहद निंदनीय है। श्री पात्रा ने कहा कि श्री चव्हाण ने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले ही दिन भारत की वायुसेना ग्राउंडेड हो गई थी और भारत के लड़ाकू विमानों को स्ट्राइक डाउन कर दिया गया था। श्री पात्रा ने कहा ऐसे शर्मनाक बयान देने वाले श्री चव्हाण ने अब गलती नहीं मानते हुये माफी मांगने से इनकार कर दिया है।

श्री पात्रा ने कहा कि यह दुनिया न देखा कि भारत के जांबाज जवानों ने किस प्रकार से पाकिस्तान के भीतर लगभग 100 किलोमीटर अंदर बहावलपुर तक जाकर निर्णायक कार्रवाई की, जो पहले कभी भी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने इस दौरान 11 से अधिक हवाई पट्टियों को ध्वस्त किया।

श्री पात्रा ने कहा कि इसके बावजूद श्री चव्हाण का यह कहना कि भारत की सेना एक किलोमीटर भी आगे नहीं बढ़ पाई, अत्यंत आपत्तिजनक है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि हम 12 लाख की सेना क्यों रखे हुए हैं, ऐसी सेना को दूसरे कामों में लगा देना चाहिए और इस सेना का कोई महत्व नहीं है। यह एक देशविरोधी व्यक्ति का बयान है। श्री पात्रा ने कहा कि कहीं न कहीं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी भी श्री चव्हाण के इस बयान के साथ खड़ी नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय दबाव और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर यह साबित करने की कोशिश की जा रही है कि भारतवर्ष और भारत की सेना को किस प्रकार नीचा दिखाया जा सके, किस प्रकार उसे कमजोर और निचले स्तर पर प्रस्तुत किया जा सके।

श्री पात्रा ने कहा कि जब सदन में शांति विधेयक पर चर्चा हो रही है, उसी समय कांग्रेस नेता श्री चव्हाण द्वारा भारतीय सेना पर हमला किया गया। भारतीय सेना की शक्ति पर हमला करना, भारत को एक हारा हुआ देश बताना, यह पूरे भारतवर्ष के मनोबल पर सीधा आक्रमण है और यह कांग्रेस पार्टी का एक सुनियोजित आक्रमण है। श्री पात्रा ने कहा कि यह विदेशी ताकतों के इशारे पर खेल रहे हैं और भारत को बेचने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी में हिम्मत है सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा देश के सामने आएं और पृथ्वीराज चव्हाण के इस बयान के लिए क्षमा मांगें तथा यह स्पष्ट रूप से कहें कि यह बयान गलत है।

 

 

 

 

Next Post

पंजाब से दुबई भेजे गए नशीली दवाओं के कारोबार के लाखों रूपये, ईडी ने दाखिल किया आरोप पत्र

Wed Dec 17 , 2025
नयी दिल्ली, 17 दिसंबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत में दायर एक आरोप पत्र में पंजाब में नशीली दवाओं के अवैध कामकाज से हुयी कमाई के 83.5 लाख रुपये कथित तौर पर दुबई भेजने और फिर उसी पैसे से गुडगांव मे जमीन खरीदने के मामले का खुलासा किया है। […]

You May Like

मनोरंजन