इंदौर:देवगुराड़िया बायपास रोड स्थित सहारा सिटी क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से दहशत का कारण बने तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पकड़ लिया. देर रात रालामंडल रेस्क्यू टीम द्वारा लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हो गया. माना जा रहा है कि देर रात शिकार की तलाश में घूमते हुए तेंदुआ पिंजरे तक पहुंचा और अंदर चला गया.
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में तेंदुए के पंजों के निशान मिलने के बाद उसके मूवमेंट की पुष्टि हुई थी.
इसके बाद से विभाग लगातार निगरानी कर रहा था. आसपास की कॉलोनियों से भी तेंदुए के दिखने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं. हालात को देखते हुए सहारा सिटी इलाके में पिंजरा लगाया था और रहवासियों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई थी. स्थानीय लोगों वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को बताय था कि तेंदुए के साथ उसके दो शावकों की मौजूदगी भी देखी गई है.
इसी आशंका के चलते वन विभाग ने आसपास के जंगल और रिहायशी इलाकों में सर्चिंग और निगरानी बढ़ा दी है. वहीं डीएफओ प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि सहारा सिटी के आसपास करीब 85 एकड़ में घना जंगल है, जहां नीलगाय समेत अन्य वन्यप्राणियों का मूवमेंट रहता है. कुछ समय पहले इसी इलाके में तेंदुए द्वारा कुत्तों का शिकार किए जाने की पुष्टि भी हुई थी. पकड़े गए तेंदुए की उम्र करीब चार साल बताई जा रही है. उसे मेडिकल परीक्षण के लिए चिड़ियाघर भेजा गया है. सब कुछ सामान्य रहने पर दूरस्थ जंगल में छोड़ा जाएगा.
