नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (वार्ता) दिल्लीवासियों को मंगलवार सुबह ठंड और प्रदूषण से कोई राहत नहीं मिली और राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में था, जिससे कई लोगों को आसानी से सांस लेने में परेशानी महसूस हुई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आज सुबह लगभग नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी का एक्यूआई स्तर 389 था, जो ‘अत्यंत खराब’ श्रेणी में आता है, जबकि आनंद विहार, अशोक विहार, चांदनी चौक, जहांगीपुरी, नेहरू नगर, नॉर्थ कैंपस, रोहिणी और वजीरपुर सहित कई स्थानों पर एक्यूआई स्तर 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में रहने का अनुमान है जबकि गुरुवार को यह और खराब होकर ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच सकता है।
सोमवार को शहर में स्थित कुल 40 वायु निगरानी स्टेशनों में से 38 स्टेशनों से प्राप्त अवलोकनों के आधार पर, औसत एक्यूआई 401 के साथ ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया गया। इस बीच, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की श्रेणीबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना के अंतर्गत चरण- 3 के प्रतिबंध दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में प्रभावी बने हुए हैं। संबंधित अधिकारी और एजेंसी सख्त रुख अपना रहे हैं और ग्रेप के तीसरे चरण के उपायों में परिभाषित धूल नियंत्रण और अन्य प्रदूषण निवारण उपायों की दिशा में अपने प्रयास केंद्रित कर रहे हैं। उप-समिति द्वारा वायु गुणवत्ता सूचकांक में कुछ सुधार होने के बाद 24 दिसंबर को ग्रेप -4 को हटा दिया गया था।

