शेखर सुमन ने 1984 में रेखा संग फिल्म उत्सव से डेब्यू करते हुए नाचे मयूरी, त्रिदेव और संसार जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय किया। हालांकि असली लोकप्रियता उन्हें टीवी से मिली।
छोटे और बड़े पर्दे के जाने-माने अभिनेता शेखर सुमन आज भी अपनी एक्टिंग, कॉमिक टाइमिंग और बेबाक अंदाज के लिए लाखों दर्शकों के चहेते हैं। हिंदी टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से ऐसा मुकाम बनाया, जिसने उन्हें ‘कॉमेडी किंग’ और ‘मास एंटरटेनर’ की कैटेगरी में खास जगह दिलाई।
शेखर सुमन का जन्म 7 दिसंबर 1962 को पटना (बिहार) में हुआ था। बचपन से ही कला और अभिनय में गहरी रुचि रखने वाले शेखर ने पढ़ाई पूरी करने के बाद मुंबई का रुख किया। यहां उन्हें शुरुआत में काफी संघर्षों का सामना करना पड़ा। काम मिलना मुश्किल था और आर्थिक चुनौतियां लगातार बढ़ रही थीं, लेकिन उनकी मेहनत और जिद ने हार नहीं मानी।
