
जबलपुर। तत्कालीन जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जबलपुर के अधिकारी विजय पाण्डेय की ख्याति अपहानि करने जाली दस्तावेजों को बनाकर शिकायतें करने वाले सुभाष चंद्रा के खिलाफ ओमती पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। सीएमएचओ द्वारा कराई गई जांच और प्रतिवेदन पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का प्रतिवेदन मिला। जिसके अनुसार सुभाष चंद्रा पिता स्व.छेदीलाल 75 वर्ष,निवासी जवाहर नगर, आधारताल द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अधिकारी विजय पाण्डेय को पद से हटाने और उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से उनकी अंकसूची के सत्यापन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे। जांच में पाया गया कि सुभाष चन्द्रा द्वारा विजय पाण्डेय की अंकसूची से संबंधित सत्यापन पत्र की कूटरचना कर विजय पाण्डेय की ख्याति की अपहानि करने के प्रयोजन से उसका दुरूपयोग कर शिकायत की गई थी जिसके बाद सुभाष चन्द्रा पिता स्व. छेदीलाल 75 वर्ष निवासी जवाहर नगर आधारताल खिलाफ प्रकरण दर्ज कियागया। मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड भोपाल से जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सुभाष चंद्रा द्वारा 11 सितंबर 2025 को कार्यालय कलेक्टर जबलपुर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर को शिकायत के साथ भेजा गया पत्र उनके एवं अन्य द्वारा कूटरचित है। यह कूटरचित पत्र सुभाष चंद्रा द्वारा अपने फेसबुक पेज में भी शेयर किया गया था।
