उत्तर की बर्फबारी: मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ी,कल से कड़ाके की ठंड के आसार

भोपाल: उत्तर भारत में हो रही तेज बर्फबारी का सीधा असर अब मध्य प्रदेश में दिखाई देने लगा है। कई जिलों में कल रात पारा 9 डिग्री के करीब पहुंच गया, जिससे प्रदेश में ठंड का नया दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले एक-दो दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है, जिसके बाद प्रदेश में तेज़ शीत लहर का दौर शुरू होने की पूरी संभावना है।

इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और सागर संभागों में ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क है और तापमान में स्थिरता बनी हुई है, लेकिन शुक्रवार से लोगों को और कड़कड़ाती सर्दी झेलनी पड़ सकती है।
पचमढ़ी सबसे ठंडा, नर्मदापुरम सबसे गर्म
प्रदेश में बुधवार का न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 6.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे ठंडा स्थान रहा। हैरानी की बात यह रही कि सर्वाधिक अधिकतम तापमान भी नर्मदापुरम जिले में ही 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ—यानी दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर दर्ज किया गया।
कई जिलों में पारा 9 डिग्री से नीचे
नौगांव (छतरपुर): 9°C
रीवा: 9°C
उमरिया: 8.2°C
भोपाल: 9.2°C
इंदौर: 8.4°C
राजगढ़: 9°C
जबलपुर: 10.6°C
सीधी: 10.4°C
उज्जैन: 12°C
सुबह कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, हालांकि अभी तक कहीं भी कोहरा इतना नहीं बढ़ा कि विज़िबिलिटी पर बड़ा असर पड़े।
पांच मौसम प्रणालियों का प्रभाव, जल्द बढ़ेगी ठंड
प्रदेश पर एक साथ पांच अलग-अलग मौसम प्रणालियों का असर बना हुआ है, जिसके कारण तापमान स्थिर रहा है। लेकिन विभाग ने अपने पूर्वानुमान में साफ किया है कि अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की और गिरावट संभव है। इसके बाद प्रदेश में तेज ठंड व शीत लहर का दौर शुरू हो सकता है।

Next Post

लोकसभा में जंगली जानवरों के खतरे का मुद्दा उठा

Thu Dec 4 , 2025
नयी दिल्ली, 05 दिसंबर (वार्ता) लोकसभा में गुरुवार को नेपाल सीमा से सटे गांवों में जंगली जानवरों के खतरे पर चिंता व्यक्त करते हुए इससे प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की मांग की गयी। समाजवादी पार्टी के राम शिरोमणि वर्मा ने शून्यकाल के दौरान अपने संसदीय क्षेत्र श्रावस्ती के नेपाल […]

You May Like