
मण्डला। जनपद पंचायत मण्डला अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेको में निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा हो रहे नाली एवं रंगमंच निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएँ हो रही हैं, जिसकी शिकायत कई बार किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत कुछ दबंग व्यक्तियों के इशारे पर काम कर रही है और विकास कार्यों की आड़ में मनमानी कर रही है। गांव में नाली निर्माण कार्य बिना लेआउट डाले किया जा रहा है, जिससे उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही नाली में उपयोग किया जा रहा लोहे का मापदंडों के अनुसार उपयुक्त न होना ग्रामीणों को चिंतित कर रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नाली इस तरह बनाई जा रही है कि उसका लाभ केवल गांव के एक ही व्यक्ति को मिलेगा, जबकि सड़क के दूसरी ओर पहले से नाली मौजूद है जिसमें सड़क पार कर जोड़ने पर पूरे क्षेत्र को लाभ मिल सकता है। इसके अतिरिक्त वर्तमान निर्माण में नाली का स्तर इतना ऊँचा रखा गया है कि आसपास के घर नाली से काफी नीचे हो गए हैं, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऊँचाई अधिक होने से घरों का पानी भी नाली में नहीं निकल पाएगा।
रंगमंच निर्माण को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिशु मंदिर स्कूल के पास बनाए जा रहे इस निर्माण में प्लिंथ नहीं डाली गई है और स्कूल द्वारा पहले से डाली गई बीम का ही उपयोग किया जा रहा है। साथ ही एक दिशा में दीवार का निर्माण अभी तक नहीं किया गया है, जिससे कार्य की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत ढेको में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की सूक्ष्म एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि अनियमितताओं का पर्दाफाश हो सके और जिम्मेदारों पर उचित कार्रवाई की जा सके।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत ढ़ेको में सभी विकास कार्य पूर्ण स्वीकृति एवं ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर ही संचालित किए जा रहे हैं। कुछ माह पूर्व प्रभार ग्रहण करने के बाद से समस्त कार्यवाही निर्धारित नियमों एवं पारदर्शिता के साथ की जा रही है।”
प्रकाश मार्को
सचिव,
ग्राम पंचायत ढ़ेको
जनपद पंचायत मण्डला
आप लोग उपाध्यक्ष के कहने पर आये है अभी मेरे पास टाइम नहीं है, में कुछ नहीं बता सकती, अधिक है तो आप पांच बजे आए तब में जानकारी दूंगी।
श्रीमती प्रतिभा शुक्ला
सीईओ
जनपद पंचायत मण्डला
पंचायतों द्वारा कराए जा रहे अधिकांश कार्य मनमाने ढंग से चहेते ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं, जिनमें गुणवत्ता और पारदर्शिता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा है। विकास कार्यों में इस तरह की अनियमितता जनहित के साथ धोखा है।
इन गड़बड़ियों और निम्न स्तरीय निर्माण कार्यों की शिकायत मैंने संबंधित विभागों के समक्ष दर्ज कराई है, ताकि जांच हो सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।
संदीप सिंगोंर
उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत मण्डला
