
सीधी। जिले में एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाले सडक़ हादसे के चलते शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गई। हादसे में तेज रफ्तार में अनियंत्रित कार के पेंड़ से टकराने के कारण दूल्हे के पिता की मौत हो गई और बहन तथा जीजा घायल हो गए। यह हादसा रविवार की दोपहर ग्राम रजडिहा के पास उस समय हुआ जब देवतालाब से बारात से लौट रहा परिवार अचानक एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार अमरपुर से बारात देवतालाब गई थी और वापसी के दौरान तेज रफ्तार में चल रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण कार सडक़ किनारे खड़े एक बड़े पेड़ से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में दूल्हे के पिता गोपाल गुप्ता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। वहीं कार में सवार दूल्हे की बहन वर्षा गुप्ता और जीजा नीरज गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस द्वारा हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है।
