
सीधी। नगर पालिका परिषद सीधी की शुक्रवार को हुई बैठक हंगामे और मारपीट की वजह से बीच में ही समाप्त करनी पड़ी। उपाध्यक्ष दान बहादुर सिंह चौहान और निर्माण कमेटी सभापति आनंद बहादुर सिंह चौहान के बीच आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती में कथित फर्जीवाड़े को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि दोनों एक-दूसरे पर पानी की बोतलें फेंकते हुए भिड़ गए। स्थिति बिगड़ते देख नपा अध्यक्ष काजल वर्मा और सीएमओ बैठक छोड़कर बाहर निकल गईं।
मारपीट की खबर फैलते ही शहर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया लाल सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। डीएसपी अमन मिश्रा ने भी पहुंचकर पूरे प्रकरण की जानकारी ली।
उपाध्यक्ष दान बहादुर सिंह ने अपने ऊपर हमला होने की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई है, जबकि सभापति व अध्यक्ष पक्ष भी कोतवाली पहुंचकर अपनी बात रखकर लौट आए। राजनीतिक तौर पर यह घटना कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी का परिणाम मानी जा रही है, जिसे कई पार्षदों ने परिषद की गरिमा के खिलाफ बताया।
