सीहोर। शहर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण इस कदर हावी है कि रोजाना घंटों जाम लगना आम बात हो गई है. खासकर मेन रोड, बस स्टैंड रोड, नामक चौराहा व गांधी रोड पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. फुटपाथ से लेकर सड़क के बीच तक ठेले, अवैध दुकानें और दुपहिया वाहन खड़े होने से रास्ते बेहद संकरे हो गए हैं. जिसकी वजह से दिन में कई बार जाम के हालात निर्मित होते हैं और लोग परेशान होते हैं.
शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है. आलम यह है कि शहर की लगभग हर सड़क अतिक्रमण की गिरफ्त में आ चुकी है. मेन रोड से लेकर आवासीय इलाकों तक हर जगह दुकानदारों द्वारा फुटपाथ और सड़क पर कब्जा कर लेने से ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. रोजाना सुबह-शाम लगने वाले लंबे जाम से स्कूली बच्चों, नौकरी पेशा लोगों और मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है.लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में दुकानदार दुकान के बाहर तक सामान फैलाकर रखते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है. दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने तक की जगह नहीं बचती. ऐसे में दिन भर जाम के हालात निर्मित होते हैं.
शहर के कोतवाली चौराहा से तहसील चौराहा तक अधिकांश दुकानों का सामान सड़कों पर रखा जाता है. एक दूसरे की देखादेखी सड़कों पर किया जाने वाला यह अतिक्रमण सड़क को इतना संकरा कर देता है कि दो बाइक भी आसानी से क्रास नहीं हो पातीं. इसके अलावा बेतरतीब ढंग से पार्क किए गए दुपहिया वाहन और मंडराते हाथठेले यातायात व्यवस्था को पूरी तरह तहस नहस कर देते हैं. ऐसे में जब स्कूली बसें जाम में फंसती हैं तो छोटे बच्चे काफी परेशान होते हैं.
हैरत की बात तो यह है कि मेन रोड पर चारपहिया वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध है. इसके बावजूद दिन में कई बार कारों का निकलना बदस्तूर जारी रहता है. नतीजतन दुपहिया वाहन इनके पीछे- पीछे रेंगते हुए चलते हैं. नपा द्वारा अक्सर अतिक्र्रमण हटाने की मुनादी कर दी जाती है. उसके बाद कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई जाती जिसकी वजह से शहर की जनता रोजाना जाम में फंसने को बाध्य है.
आए दिन जाम में फंसती एंबुलेंस
शहर के जगदीश मंदिर क्षेत्र में रविवार की दोपहर लगा भीषण जाम लोगों के लिए मुसीबत बन गया. करीब 10 मिनट तक एक एम्बुलेंस अतिक्रमण से जाम हुई सड़क में फंसी रही. एम्बुलेंस में मौजूद मरीज की हालत गंभीर थी, लेकिन आगे-पीछे तक गाडिय़ों की कतार और सड़क पर दुकानदारों का फैलाया सामान रास्ता रोकता रहा. सड़क इतनी संकरी हो चुकी थी कि एम्बुलेंस निकल ही नहीं पा रही थी. मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केन्द्र के सामने की दुकानों के सामने खड़ी दर्जनों बाइक के कारण एंबुलेंस को अस्पताल में जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
अतिक्रमण हटाने उठाएंगे सख्त कदम
दुकानदारों को कई बार समझाईश दी जा चुकी है. इसके बाद भी वह दुकानों का सामान सड़क पर रखने से बाज नहीं आ रहे. शीघ्र ही नपा द्वारा प्रभावी अभियान चलाया जाएगा और ऐसी दुकानों पर कार्रवाई करेंगे.
सुधीर कुमार,
मुख्य नपा अधिकारी
