
गुना। जिले में खाद वितरण केंद्र पर मची अफरा-तफरी और बदइंतजामी ने एक आदिवासी महिला किसान की जान ले ली। बमोरी क्षेत्र के बागेरी में डबल लॉक गोदाम के बाहर, दो दिनों से उर्वरक के इंतजार में लाइन में लगी कुशेपुर गांव की भुरिया बाई को बुधवार रात अचानक गंभीर उल्टी और स्वास्थ्य बिगडऩे के बाद आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ठिठुरती रात, खुला आसमान और प्रशासन की लापरवाही
मृतका के परिजनों ने दर्द भरी कहानी बताते हुए कहा कि वह दो दिनों से खाद लेने के लिए लाइन में खड़ी थी। दिन भर कड़ी मशक्कत के बाद, रात में खुले आसमान के नीचे ही विश्राम कर रही थी, तभी उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस हृदय विदारक घटना ने प्रशासन के उन दावों पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है, जिनमें पर्याप्त खाद उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हडक़ंप मच गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि महिला को उल्टी होने के बाद निजी अस्पताल ले जाया गया था। उन्होंने खुद गांव पहुंचने की बात कही और एसडीएम को मौके पर रवाना कर दिया गया है।
विपक्ष का आक्रोश: जिम्मेदारी कौन लेगा?
स्थानीय कांग्रेस विधायक ऋषि अग्रवाल ने इस घटना पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रशासन खाद की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, तो किसान क्यों ठंड में खुले में सोने और लाइन में मरने को मजबूर हैं? विधायक ने सीधे-सीधे सरकार और प्रशासन से पूछा, इस सहरिया महिला किसान की मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा? एक तरफ सरकार जन मन की बात करती है और घर-घर खाद पहुंचाने का वादा करती है, दूसरी तरफ यह दुखद मौत सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, गुना दौरे पर मौजूद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के निर्देश पर, कलेक्टर और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया तुरंत पीड़ित परिवार से मिलने कुशेपुर गांव पहुंचे हैं। यह घटना ग्रामीण किसानों की उस मजबूरी और हताशा को दर्शाती है, जहाँ अन्नदाता को अपनी मेहनत का बीज बोने के लिए भी जीवन दांव पर लगाना पड़ रहा है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने जताया गहरा दुख, तत्काल सहायता के निर्देश
इधर जिले के बागेरी खाद वितरण केंद्र पर खाद लेने पहुँची कुशेपुर ग्राम की आदिवासी महिला भुरिया बाई की अचानक तबीयत बिगडऩे से हुई दुखद मृत्यु की जानकारी मिलते ही, केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, जो इन दिनों गुना प्रवास पर हैं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए तत्काल प्रभाव से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सूचना मिलते ही सिंधिया ने पूर्व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया और गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को तुरंत कुशेपुर ग्राम पहुँचकर परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए। सिंधिया के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन द्वारा मृतक के परिवार हेतु 2,00,000 की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही रेडक्रॉस के माध्यम से 10,000 की अतिरिक्त सहायता तथा अंतिम संस्कार के लिए 5,000 की तत्काल राशि उपलब्ध कराई गई है।
बीमार महिला को लाइन में खड़ा करने पर कार्रवाई के निर्देश
मृतका डायबिटीज से पीडित थीं, और खाद वितरण केंद्र पर लाइन में खड़े रहते हुए उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने पूरी जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सिंधिया ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा है- एक बहन की आकस्मिक मृत्यु बेहद पीड़ादायक है। शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि परिवार को हर संभव सहयोग अविलंब उपलब्ध कराया जाए। भविष्य में ऐसी परिस्थितियाँ दोबारा उत्पन्न न हों, इसके लिए आवश्यक सुधार भी सुनिश्चित किए जाएंगे
इनका कहना है
– बड़ी ही दुखद घटना है।उनको पता नहीं था कि उन्हें शुगर थी।जिसके चलते वह लाईन में लगी रहीं। सूचना मिलने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसानों से अपील है कि यूरिया के लिए परेशान न हो। इस रबी सीजन अंतर्गत यूरिया 32063 मे.टन, डीएपी 6581 मे.टन तथा एनपीके 9157 मे.टन एवं सिंगल सुपर फास्फेट 16592 मे.टन का भंडारण किया जाकर यूरिया 30661 मे.टन, डीएपी 4295 मे.टन तथा एनपीके 4843, सिंगल सुपर फास्फेट 9297 मे.टन का वितरण कृषकों को किया जा चुका है। वर्तमान में यूरिया 1402 मे.टन, डीएपी 2286 मे.टन तथा एनपीके 4314 मे.टन एवं सिंगल सुपर फास्फेट 4295 मे.टन कृषको को वितरण हेतु उपलब्ध हैं। पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। मेरी लोगों से अपील है खासकर उन लोगों से जो ह्दय रोग या अन्य रोगों से पीडि़त हैं वह स्वस्थ्य का ध्यान रखें।- किशोर कन्याल, कलेक्टर गुना
– जांच रिपोर्ट डॉक्टर्स ने दी है। जिसमें यह पाया गया है कि शुगर बढऩे के कारण उनको उल्टी हुई। जिसके कारण उनकी मौत हेा गई। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री सिंधिया को लगी तो उन्होंने तत्काल कलेक्टर और मेरी ड्यूटी लगाई कि गांव में जाकर व्यवस्था बनाएं। हम संबल योजना के तहत दो लाख रुपए का मुआवजा देंगे। रेडक्रॉस से भी आर्थिक मदद कर रहे हैं। पूरे सहरिया समाज के साथ हम खड़े हैं। कमियों को दूर किया जाएगा। अभी तक गुना जिले में 30 हजार मेट्रिक टन बंट चुका है। 15 हजार मेट्रिक रिजर्व है। एक रेक आज आने की संभावना है। हो सकता है वितरण में कोई कमी हो। जिसे दूर किया जाएगा।- महेन्द्र सिंह सिसौदिया, पूर्व मंत्री
