गुलवीर, पूजा और नंदिनी ने जीते एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक

गुमी (दक्षिण कोरिया) (वार्ता) भारत के गुलवीर सिंह (5000 मीटर), पूजा (हाई जंप) और नंदिनी अगासरा (हेप्टाथलॉन) ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीता, जबकि पारुल चौधरी ने शुक्रवार को 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा।

दक्षिण कोरिया के गुमी में एक सधी हुई शुरुआत के बाद, गुलवीर ने 13:24.77 का समय लेकर बढ़त हासिल की और कतर के मोहम्मद अल-गरनी के वर्ष 2015 में बनाए गए 13:34.47 के एशियन चैंपियनशिप के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

थाईलैंड के एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता कीरन टुनटिवेट (13:24.97) और जापान की नागिया मोरी (13:25.06) ने पोडियम पूरा किया, जबकि भारत के अभिषेक पाल (13:33.51) छठे स्थान पर रहे।

गुलवीर ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 12:59.77 का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था, जो इस साल की शुरुआत में बोस्टन यूनिवर्सिटी टेरियर डीएमआर चैलेंज 2025 में दर्ज किया था।

गुलवीर का यह इस मीट का दूसरा स्वर्ण पदक था, इससे पहले उन्होंने पुरुषों की 10हजार मीटर दौड़ का खिताब जीता था। इससे पहले पिछले संस्करण में 26 वर्षीय भारतीय एथलीट ने बैंकॉक में इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

18 वर्षीय पूजा ने महिला ऊंची कूद में 1.89 मीटर की छलांग लगाकर भारत की 2000 में बॉबी अलॉयसियस की जीत के बाद इस स्पर्धा में पहला स्वर्ण पदक दिलाया। पूजा ने स्वयं का अंडर-20 नेशनल रिकॉर्ड बेहतर किया और 2012 में सहाना कुमारी द्वारा बनाए गए 1.92 मीटर के सीनियर नेशनल रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गईं।

महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में पारुल चौधरी ने 9:12.46 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ रजत पदक जीता। यह इस साल की शुरुआत में दोहा डायमंड लीग में बनाए गए उनके पिछले रिकॉर्ड (9:13.39) से बेहतर है।

मौजूदा विजेता पारुल कजाकिस्तान की नोरा जेरुतो तनुई (9:10.46) से पीछे रहीं, जबकि डेजी जेपकेमी (9:27.51) ने कांस्य पदक जीता।

नंदिनी अगासरा ने कुल 5941 अंकों के साथ हेप्टाथलॉन में शानदार जीत दर्ज की।

फाइनल 800 मीटर में चीन की लियू जिंगयी से 54 अंक पीछे चल रही अगासरा ने 2:15.54 का समय लेकर 885 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक जीता। इसी के साथ वह सोमा बिस्वास (2005) और स्वप्ना बर्मन (2017) के साथ एशियन चैंपियनशिप हेप्टाथलॉन जीतने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय महिला एथलीट बनीं।

शुक्रवार को मिले चार पदकों के साथ भारत के पदकों की संख्या 18 हो गई जिसमें आठ स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदक शामिल है।

अन्य स्पर्धाओं में, अनिमेष कुजूर पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में पहुंच गए, जबकि विथ्या रामराज और अनु राघवन ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स के फाइनल में जगह बनाई। हालांकि, प्रणव गुरव और रागुल कुमार के बीच बैटन एक्सचेंज उल्लंघन की वजह से पुरुषों की 4 गुणा 100 मीटर रिले टीम को अयोग्य घोषित कर दिया गया।

पुरूष भाला फेंक स्पर्धा में, सचिन यादव (79.62 मीटर) और यशवीर (76.67 मीटर) ने शनिवार को होने वाले 12 पुरुषों के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जिसमें पाकिस्तान के ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम ने पेरिस 2024 ओलंपिक के बाद अपनी पहली प्रतियोगिता में 86.34 मीटर थ्रो के साथ क्वालीफायर का नेतृत्व किया।

इस बीच, ज्योति याराजी और नित्या गांधे ने महिलाओं के 200 मीटर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

Next Post

क्वेंटिन हेलिस को हराकर होल्गर रूने फ्रेंच ओपन के अगले दौर में

Sat May 31 , 2025
पेरिस (वार्ता) इटली के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लोरेंजो मुसेट्टी और डेनमार्क के होल्गर रूने ने शुक्रवार को अपने-अपने प्रतिद्वद्वी खिलाड़ियों को हराकर फ्रेंच ओपन टूर्नामेंट के चौथे दौर में जगह बना ली है। आज यहां खेले गये मुकाबले में इटलक के लोरेंजो मुसेट्टी ने एक सेट और ब्रेक डाउन से […]

You May Like