मेक्सिको सिटी, 11 जून (वार्ता) फीफा विश्व कप के उद्घाटन वाले दिन गुरुवार को राजधानी मैक्सिको सिटी के सभी स्कूल बंद रहेंगे और सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने उद्घाटन वाले दिन गुरुवार को राजधानी के आसपास यातायात को सुगम बनाने के लिए सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने और कर्मचारियों को घर से काम करने का आदेश जारी किया।
उन्होंने एक आदेश जारी कर कहा कि सरकारी कार्यालयों में संघीय कर्मचारियों के लिए दूरस्थ कार्य को लागू करने के उपाय किए जा रहे हैं, जबकि निजी क्षेत्र से भी गैर-आवश्यक गतिविधियों के लिए घर से काम करने की सुविधा प्रदान करने का आग्रह किया गया है। राष्ट्रपति शीनबाम ने कहा, “यह आदेश इसलिए जारी किया गया है ताकि विश्व कप के दिन उद्घाटन समारोह बिना किसी यातायात या समस्या के संपन्न हो सके।” सरकारी अधिकारियों ने कहा कि यह आदेश शहर के निवासियों और विश्व कप के दौरान आने वाले पर्यटकों के लिए सड़क सुरक्षा और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए जारी किया गया है। ये उपाय केवल टूर्नामेंट के पहले दिन के लिए लागू हैं, जब मैक्सिको गुरुवार, 11 जून को एज्टेका स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका की मेजबानी करेगा।

