
छतरपुर। जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 10:30 बजे एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय नरेंद्र विश्वकर्मा की मौत हो गई। वह अपनी छोटी बहन की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घायल अवस्था में उन्हें पहले नौगांव अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही नरेंद्र की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, नरेंद्र सरसेड गांव के रहने वाले थे और हाल ही में श्रीराम कॉलोनी, छतरपुर सटई रोड में किराए के मकान में रहते थे। वह एल्युमिनियम का काम करते थे। उनकी शादी छह साल पहले हुई थी और दो बेटों के पिता थे, जिनकी उम्र 15 साल और 6 महीने है।
घटना स्थल से उनके बैग, पैसे और मोबाइल गायब पाए गए हैं। परिजनों ने बताया कि रात में उनका फोन बंद था, जिसके बाद अस्पताल से उनकी मौत की जानकारी मिली।
हरपालपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है और चोरी गए सामान के संबंध में भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
